देहरादून। दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में आगामी 23, 24 और 25 अक्टूबर को तीन दिवसीय ‘देहरादून किताब कौतिक’ का आयोजन किया जाएगा। ‘आओ, दोस्ती करें किताबों से’ की भावना के साथ आयोजित इस पुस्तक मेले में देश के 75 प्रकाशकों की लगभग 80 हजार पुस्तकें पाठकों के लिए उपलब्ध रहेंगी। साहित्य, संस्कृति, कला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों तथा युवाओं में पढ़ने-लिखने की रुचि विकसित करना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। क्रिएटिव उत्तराखंड संस्था की ओर से आयोजित यह 16वां किताब कौतिक है। इससे पहले उत्तराखंड के विभिन्न कस्बों और शहरों में 15 किताब कौतिक आयोजित किए जा चुके हैं। देहरादून में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र के सभागार, खुले रंगमंच तथा परिसर के अन्य स्थानों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
यहां आयोजित एक पत्रकार वार्ता में आयोजकों ने कहा कि किताब कौतिक का उद्देश्य केवल बड़ी संख्या में पुस्तकें पाठकों तक पहुंचाना नहीं है, बल्कि समाज में पढ़ने की संस्कृति को मजबूत करना और बच्चों तथा युवाओं के भीतर जिज्ञासा, कल्पनाशीलता एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना भी है। इस आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की भाषा, साहित्य, लोकसंस्कृति और परंपराओं से जुड़ने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।तीन दिवसीय आयोजन के दौरान साहित्यिक परिचर्चाएं, लेखकों से संवाद, काव्य गोष्ठियां, करियर काउंसलिंग तथा सांस्कृतिक संध्याओं सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बच्चों के लिए विज्ञान गतिविधियां, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से परिचय, प्रकृति भ्रमण, साहसिक गतिविधियां, कठपुतली निर्माण, भाषा-संस्कृति से संबंधित कार्यशालाएं और बॉल पेंटिंग जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। हस्तशिल्प के स्टॉल तथा स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी।
किताब कौतिक के पहले चरण में 14 से 18 अक्टूबर तक दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र में पांच दिवसीय ‘बालप्रहरी बाल लेखन कार्यशाला’ आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने भाग लेकर स्वयं हस्तलिखित पुस्तकें तैयार कीं। इन पुस्तकों को किताब कौतिक के दौरान प्रदर्शित किया जाएगा। बच्चों की यह पहल उनमें लेखन, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति की क्षमता विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्यकार, विषय विशेषज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ता और रंगकर्मी शामिल होंगे। उनके साथ संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों और आम लोगों को साहित्य, शिक्षा, करियर तथा समकालीन विषयों पर जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।दून पुस्तकालय एवं शोध केन्द्र ज्ञान, अध्ययन, शोध और संवाद को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निरंतर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। किताब कौतिक जैसे आयोजन पुस्तकालय को पुस्तकों और पाठकों के बीच संवाद का जीवंत मंच बनाने के साथ ही नई पीढ़ी में पुस्तक संस्कृति के विकास की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
दून पुस्तकालय में 23 अक्टूबर से शुरू होगा देहरादून किताब कौथिक
Leave a comment
Leave a comment

