मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में 29 नवंबर को दूसरी बार आयोजित होने वाली मसूरी अल्ट्रा मैराथन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन समिति ने 1045 प्रतिभागियों के पंजीकरण के बाद पंजीकरण प्रक्रिया बंद कर दी है। प्रतियोगिता में पांच, दस, 21, 42 और 50 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि मैराथन के मार्ग को अंतरराष्ट्रीय मैराथन संघ ने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद प्रमाणित कर दिया है। प्रदेश शासन, जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग सहित विभिन्न विभाग आयोजन में सहयोग कर रहे हैं।
मसूरी में आयोजित बैठक में मैराथन समिति के संयोजक संदीप साहनी ने बताया कि प्रतियोगिता में मसूरी के करीब 200 धावक हिस्सा लेंगे, जबकि 800 से अधिक प्रतिभागी मुंबई, पुणे, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, पंजाब सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचेंगे। पिछले वर्ष सेना वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लद्दाख के प्रतिभागी भी इस बार मैराथन में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए संत निरंकारी मिशन के 25 से अधिक स्वयंसेवक और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के 60 जवान सहयोग करेंगे। इसके अलावा पुलिस, मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मसूरी प्रेस क्लब, रोटरी क्लब, क्रॉसफिट, मसूरी खेल एवं सांस्कृतिक समिति, होटल एसोसिएशन, उप जिला चिकित्सालय, कम्युनिटी अस्पताल और मैक्स अस्पताल सहित विभिन्न संस्थाएं अपनी भूमिका निभाएंगी। साहनी ने बताया कि 28 नवंबर को प्रतिभागियों को दौड़ के लिए आवश्यक सामग्री की किट वितरित की जाएगी। इसी दिन उत्तराखंड के लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मैराथन 29 नवंबर को सुबह साढ़े छह बजे शुरू होगी। अपर सचिव पर्यटन हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना करेंगे, जबकि समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि 42 और 50 किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों का स्वास्थ्य परीक्षण 28 नवंबर को किया जाएगा। प्रतियोगिता के दिन तीन अस्पतालों के साथ निजी चिकित्सकों की टीमें भी तैनात रहेंगी। इसके अलावा चार से पांच एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि पूरे दौड़ मार्ग का निरीक्षण कर लिया गया है। मार्ग पर जहां भी सड़क में गड्ढे हैं, उन्हें नगर पालिका, राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रतियोगिता से पहले ठीक कराया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय मैराथन संघ की टीम ने तीन दिन तक मसूरी में रहकर पूरे मार्ग का निरीक्षण और मापन किया तथा उसे निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया। इसके बाद मैराथन को प्रमाणित किया गया है, जो मसूरी के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि पर्यटन सचिव, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों ने आयोजन में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। इस अवसर पर अरिंदम बहल, मसूरी स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत, सुरेश गोयल, अजय मार्क, संजय अग्रवाल, गंगा सिंघल, विजय जुगराण, प्रदीप रौंछेला, बिजेंद्र पुंडीर सहित आयोजन से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।
29 नवंबर को दौड़ेगी मसूरी, अल्ट्रा मैराथन में 1045 धावक लेंगे हिस्सा
Leave a comment
Leave a comment

