देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चयनित 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सफलता सरकारी सेवाओं की तैयारी कर रही प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि के पीछे अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ ही उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। नियुक्ति पत्र के साथ ही सभी को जनसेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी मिली है। उनके कार्यों से आमजन को समय पर राहत मिले, यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।
उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके कार्यों का सीधा संबंध आमजन की भूमि, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और समयबद्धता के साथ निस्तारण किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक किसान के लिए उसकी भूमि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। अधिकारियों को प्रत्येक मामले का निस्तारण करते समय इससे जुड़े परिवारों की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि तहसील में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों एवं निर्धारित प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ गांवों से आने वाले लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा के समय राजस्व अधिकारियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। आपदा से हुई क्षति का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर काम कर रही है। अधिकारियों को किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने चाहिए। बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य का भी तत्परता से निस्तारण करना निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मूल मंत्र श्सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरणश् है। सभी अधिकारी इसे अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं। कार्यप्रणाली को सरल बनाने के साथ नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति की स्पष्ट जानकारी भी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने और युवाओं की मेहनत एवं भविष्य की रक्षा के लिए सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। प्रत्येक नियुक्ति के पीछे किसी युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपने पद की गरिमा बनाए रखने और जनता के प्रति संवेदनशील रहने की अपेक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक निर्णय ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ लिया जाना चाहिए। अधिकारियों की पहचान इस बात से बनेगी कि आमजन कितने विश्वास के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास आते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। अधिकारियों को इस सोच के साथ काम करना चाहिए कि राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिक से अधिक लाभ कैसे पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति अधिकारियों की विशेष जिम्मेदारी है, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक ही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनियुक्त अधिकारी जिस ध्येय के साथ सरकारी सेवा में आए हैं, उसे पूरा करने में सफल होंगे। इस अवसर पर सचिव राजस्व एस.एन. पांडेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
36 नायब तहसीलदारों को मिली जिम्मेदारी, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता
Leave a comment
Leave a comment

